अमरोहा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की कुटुंब प्रबोधन गतिविधि के अंतर्गत रविवार को जेएस हिंदू पीजी कॉलेज स्थित अभिनंदन जैन सभागार में कुटुंब मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिवार व्यवस्था, संस्कार और भारतीय जीवन मूल्यों को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
मुख्य वक्ता सह-प्रांत संयोजक बीएल सिंह ने कहा कि परिवार बच्चों की पहली पाठशाला होता है और बड़े-बुजुर्गों का आचरण बच्चों के लिए खुली किताब की तरह होता है। बच्चे वही सीखते हैं जो वह अपने घर-परिवार में देखते हैं।
उन्होंने कहा कि आज आधुनिक जीवनशैली के कारण परिवार टूट रहे हैं, जिससे सामाजिक संरचना कमजोर हो रही है। परिवारों को टूटने से बचाने के लिए सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे।
प्रांत कार्यवाह भूदेव जी ने कहा कि भारतीय संस्कृति की प्राचीन कुटुंब व्यवस्था दुनिया के लिए आदर्श रही है। हमें अपनी भाषा, भूषा, भवन, भजन, भोजन और भ्रमण में भारतीयता को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवारों में संवाद और संस्कार मजबूत होंगे तो समाज भी मजबूत बनेगा।
विभाग संयोजक महावीर सिंह एडवोकेट ने कहा कि परिवार के सभी सदस्यों को प्रतिदिन कुछ समय साथ बैठकर पूजा, प्राणायाम, प्रेरक प्रसंगों का वाचन और पारिवारिक चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने मोबाइल और टीवी के सीमित व सदुपयोग पर बल देते हुए त्याग और समर्पण की भावना विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन सह-जिला संयोजक भूपेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर नितिन बंसल, तुषार गोयल, स्नेहलता, अवनीश शरण बंसल, प्रशांत यादव, ओमप्रकाश, अमरेश, मोहित भाटी, रजत भडाना, सोमवीर, प्रदीप, रोहित चंदेल एडवोकेट, शार्दुल अग्रवाल और सतीश त्यागी समेत कई लोग मौजूद रहे।