अमरोहा। दिवाली के बाद मंगलवार को सरकारी अस्पतालों की ओपीडी बंद रही। हालांकि इमरजेंसी में मरीजों की भीड़ रही। पटाखों से निकले धुएं के कारण आंखों में जलन के मरीज अधिक पहुंचे जबकि खानपीन के कारण कई लोगों को दिक्कत महसूस हुई।
जिला अस्पताल में दो बच्चों समेत छह लोगों को भर्ती करना पड़ा है। वहीं, काफी लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घर से बाहर निकलने पर प्रदूषण के कारण आंखों में जलन भी महसूस हो रही है। गले में खराश और सीने में चुभन होने से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।
दिवाली के बाद मंगलवार को प्रदूषण ज्यादा बढ़ गया। जिस कारण लोगों की परेशानी बढ़ गईं। प्रदूषण बढ़ने के कारण लोगों की आंखों में जलन हो रही है। सांस के रोगियों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। मंगलवार को जिला अस्पताल और सभी सीएचसी की इमरजेंसी में मरीज पहुंचे जिसमें अधिकांश मरीज दमा, सांस व आंखों में जलन के थे। चिकित्सकों ने परामर्श और दवाइयां दी। एक दिन में सरकारी अस्पतालों में 227 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। सभी मरीजों को दवाइयां दी गईं। सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि आंखों में जलन व सांस के रोगी भी उपचार के लिए आए थे। सभी को दवाइयां उपलब्ध कराई गई हैं। पटाखों के प्रदूषण के कारण लोगों को दिक्कत हो रही है।