मंडी धनौरा। गांव मोहद्दीनपुर में अभिषेक कुमार (20) ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। तीन माह पहले अभिषेक के बड़े भाई ने भी पत्नी से विवाद के चलते आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, परिजनों का आरोप है कि अभिषेक के बड़े भाई की पत्नी व उसके ससुराल वाले उस पर शादी का दबाव बना रहे थे जिससे वह तनाव में था।
गांव मोहद्दीनपुर निवासी महीपाल सिंह के बेटे अभिषेक कुमार ने मंगलवार दोपहर घर पर ही फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने अभिषेक को फंदे पर झूलता देखा तो उनकी चीख निकल गई। परिजनों ने किसी तरह अभिषेक को नीचे उतारा और स्थानीय चिकित्सक को बुलाया जिसने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि अभिषेक के बड़े भाई विशाल ने भी तीन माह पहले पत्नी से विवाद के चलते आत्महत्या कर ली थी।
विशाल की मौत के बाद उसकी पत्नी मायके चली गई थी। परिजनों का आरोप है कि विशाल के ससुराल वाले उसकी पत्नी की शादी अभिषेक के साथ करने का दबाव बना रहे थे लेकिन अभिषेक इसके लिए तैयार नहीं था। परिजनों का आरोप है कि विशाल के ससुराल वालों के बार-बार शादी करने की बात से अभिषेक तनाव में था और उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने परिजनों की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अभिषेक के बड़े भाई के ससुरालियों ने दी थी तहरीर
अभिषेक की आत्महत्या करने की सूचना मिलने पर बड़े भाई विशाल के ससुरालियों की ओर से थाने में तहरीर दी गई। तहरीर में विशाल के परिजनों पर बेटी के कमरे से करीब तीन लाख रुपये का सामान चोरी किए जाने का आरोप लगाया गया। पति की मौत के बाद से पत्नी अपने मायके में ही रह रही है। उधर, अभिषेक के पिता महीपाल सिंह का कहना है कि कमरे की चाबी पुत्रवधू के पास ही रहती है। प्रभारी निरीक्षक बालेंद्र कुमार ने बताया कि विशाल के ससुरालियों की ओर से तहरीर दी गई थी लेकिन उनकी तहरीर नहीं ली गई है। अभिषेक के पिता की ओर से तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।
तीन माह में दो जवान बेटों की मौत से टूट गए परिजन
तीन माह में दो जवान बेटों को खोने का गम परिजनों के चेहरे पर साफ नजर आ रहा था। पहले विशाल व बाद में अभिषेक की मौत से परिजन टूट गए हैं। अभिषेक के रिश्ते के दादा वीरेश कुमार का कहना था कि घरेलू कलह में दो जवान बेटों की मौत ने तोड़ कर रख दिया है। गांव में भी तीन महीने में दो जवान बेटों को खोने की चर्चा थी। ग्रामीण महीपाल सिंह के भाग्य पर अफसोस कर रहे थे।