रजबपुर (अमरोहा)। हाईवे पर हादसे में चार बहनों के इकलौते भाई निपेंद्र (24) की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक बीएससी नर्सिंग का छात्र था।
निपेंद्र सिंह रजबपुर थानाक्षेत्र के ईंट का रढ़ा के रहने वाले इमरत सिंह का बेटा था। उनके परिवार में पत्नी के अलावा चार बेटी और एक बेटा है। पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा निपेंद्र बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस के मुताबिक मंगलवार की रात निपेंद्र अपने दोस्त प्रिंस और नवनीत के साथ हाईवे स्थित एक होटल पर गया था। यहां से वापस लौटते समय जैसे ही उनकी बाइक अतरासी पुलिस चौकी के पास पहुंची तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में निपेंद्र की मौके पर मौत हो गई। जबकि, उसके दोनों दोस्त प्रिंस व नवनीत घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। परिजन भी घटना स्थल पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। आरोपी चालक वाहन लेकर भाग निकला। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।