रामपुर। सर्दी और घने कोहरे के कारण कई मार्गों पर यात्री संख्या घटने से रामपुर रोडवेज डिपो ने बस सेवाओं में समायोजन किया है।
हल्द्वानी रूट पर यात्री कम होने से वहां एक बस कम कर दी गई है, जबकि बरेली रूट पर यात्रियों की अधिक संख्या को देखते हुए वहां बस बढ़ा दी गई है।
डिपो प्रभारी रामप्रकाश ने बताया कि रामपुर डिपो में वर्तमान में 108 बसें संचालित हैं, जो बरेली, मुरादाबाद, दिल्ली, आगरा, कौशांबी सहित विभिन्न मार्गों पर चल रही हैं। ठंड के मौसम में उत्तराखंड की ओर हल्द्वानी व रुद्रपुर रूट पर यात्री संख्या अपेक्षा से कम रहने के कारण इन मार्गों पर बसों की संख्या घटाई गई है।
उन्होंने कहा कि जिन मार्गों पर यात्री अधिक हैं, वहां बस सेवा बढ़ाने की तैयारी की जा रही है, ताकि यात्रियों को सुविधा मिल सके। इस समय बरेली जाने वाले यात्री अधिक दिख रहे हैं। उनकी सुविधा को देखते हुए बस की व्यवस्था की गई है।