गजरौला (अमरोहा)। चार दिन पूर्व मेडिकल क्वारंटीन सेंटर पर शराब के नशे में दो होमगार्डों को गांव ही एक महिला के साथ पकड़े जाने के बाद हुए हंगामे की जांच को होमगार्ड विभाग के अफसरों ने यहां पहुंचकर जांच-पड़ताल की और बयान दर्ज किए। वहीं अग्रिम आदेश तक दोनों की तैनाती पर रोक लगा दी गई है।
बुधवार को होमगार्ड विभाग के बीओ सतीश कुमार कंपनी कमांडर चरन सिंह आदि के साथ हाईवे पर स्थित एक क्वारंटीन सेंटर पर पहुंचे। 21 जून को वहां हुए घटनाक्रम की जानकारी ली और बयान दर्ज किए। कंपनी कमांडर चरन सिंह ने बताया कि जिला कमांडेंट ने दोनों आरोपी होमगार्डों की तैनाती पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी है। वहीं इंस्पेक्टर जयवीर सिंह ने बताया कि उन्होंने भी इस संबंध में जिला होमगार्ड कमांडेंट समेत आला अफसरों को रिपोर्ट प्रेषित की थी। बता दें कि 21 जून को हाईवे पर स्थित एक क्वारंटीन सेंटर में ग्रामीणों ने नशे की हालत में ड्यूटी कर रहे दो होमगार्डों एवं गांव ही एक महिला को कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी थी और जमकर हंगामा किया था। वहां पहुंचे इंस्पेक्टर जयवीर सिंह दोनों को बामुश्किल वहां से निकालकर लाए थे। साथ ही दोनों की रिपोर्ट भी प्रेषित कर दी थी।