हसनपुर। देश व प्रदेश में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। आम आदमी से लेकर अधिकारी, नेताओं तक यह मौत को मुंह में धकेल चुका है। लेकिन कोरोना को हराने वाले भी कम नहीं है। कोरोना से जंग लड़ कर काम पर लौटने वाले मुस्कुरा रहे हैं और दूसरों को इससे बचाव करते हुए कामकाज करने के लिए हौसला बढ़ा रहे हैं।
इन कोरोना योद्धाओं में हसनपुर के एसडीएम विजय शंकर मिश्र, तहसीलदार भूपेंद्र सिंह, रहरा के थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह, सैदनगली के थाना प्रभारी राजीव कुमार शर्मा, हसनपुर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक शेर सिंह थापा, उप निरीक्षक राकेश शर्मा, उपनिरीक्षक आनंदपाल सिंह का नाम शामिल हैं। ये कोरोना योद्धा के रूप में काम कर रहे हैं। होम आइसोलेट कर नियमित उपचार, खान-पान पर ध्यान देने मात्र से ही ये अधिकारी कोरोना को मात देकर अपने काम पर लौट आए हैं। एसडीएम विजय शंकर ने बताया कि पंचायत चुनाव से पूर्व ही कोराना की पुष्टि हो गई थी। जिसके बाद खुद को होम आइसोलेट कर दिया। जरूरी दवाएं लीं। इम्युनिटी बढ़ाने के लिए खान-पान पर ध्यान दिया और अब काम पर लौट आए हैं। इसके अलावा कोरोना को मात देकर काम पर लौटे तहसीलदार भूपेंद्र सिंह का कहना है कि कोरोना से घबराने की जरूरत नहीं है। कोविड गाइडलाइन का पालन करते रहें।