गजरौला (अमरोहा)। तिगरी गंगा मेले में सुरक्षा के लिए मुस्तैद पुलिसकर्मियों, अफसरों, मेले की देखरेख कर रहे सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों के बीच समन्वय एवं संपर्क (कनेक्टिविटी) बनाए रखने के लिए पुलिस इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। जिसके लिए रेडियो शाखा के पुलिसकर्मियों ने भूमि का चयन किया।
तिगरी गंगा मेले का पूजन 11 नवंबर को किया जाएगा। 16 नवंबर को मुख्य स्नान किया जाएगा। मेले में सुरक्षा के लिए पुलिस के शिविर बनाए जा रहे हैं। मेला कोतवाली स्थापित कर दी गई है। दमकल कर्मियों के शिविर लग गए हैं। झूले, हिंडोले आदि करीब तैयार हो चुके हैं। एक दो दिन बाद श्रद्धालुओं के मेले में जाने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। मेले में 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। जिनकी सुरक्षा के लिए 75 पुलिस चौकियां बनाई जाएंगी। बड़ी संख्या में पुलिस-पीएसी जवान तैनात किए जाएंगे। स्नान के लिए 20 घाट बनाए जाएंगे। सात किमी के दायरे में लग रहे तिगरी गंगा मेले में पुलिस, पीएसी जवानों व विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच समन्वय व संपर्क बनाए रखना बड़ी चुनौती होता है। मोबाइलों के सिग्नल काम नहीं करने के कारण बात करने में परेशानी सामने आती है। इस समस्या को दूर करने के लिए मेले में पुलिस इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। जिसके लिए रेडियो शाखा से जुड़े इंस्पेक्टर आरएन सिंह, विनीत शर्मा, पीयूष कुमार ने रविवार को भूमि का चयन किया कि कहां पर कंट्रोल रूम उपयुक्त रहेगा। भूमि की नापतौल कराई।
कंट्रोल रूम की बड़ी स्क्रीन पर दिखाई देगी मेले की हर गतिविधि
गजरौला। गंगा मेले में बनाए जाने वाले कंट्रोल रूम में बड़ी स्क्रीन लगाई जाएगी। कंट्रोल रूप को चलाने के लिए इसके बराबर में बड़ा एंटीना लगाया जाएगा। जिससे सिग्नल की समस्या दूर होगी। पीए सिस्टम और ड्रोन कैमरे लगाए जाएंगे। मेले क्षेत्र में 300 कैमरे लगाए जाएंगे, जो कंट्रोल रूम से कनेक्ट होंगे। जिनके जरिए कंट्रोल रूम में बैठकर ही मेले की हर गतिविधि की निगरानी की जा सकेगी। कंट्रोल रूम के 24 घंटे संचालन के लिए 28 पुलिसकर्मियों का स्टाफ तैनात किया जाएगा। मेले में सुरक्षा के लिए तैनात 250 पुलिसकर्मियों के पास कंट्रोल रूम के हैंडसेट रहेंगे। इसके अलावा स्नान घाट पर मुस्तैद फ्लड पीएसी, दमकलकर्मियों और घुड़सवार पुलिसकर्मियों को भी हैंडसैट दिए जाएंगे। जिससे जरूरत पड़ने पर तुरंत मौके पर पहुंच सकें।