अमरोहा। स्पोर्ट्स स्टेडियम मालीखेड़ा में आठ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला बहुद्देशीय क्रीड़ा हॉल का निर्माण अभी शुरू नहीं हो सका है। जबकि, बजट की पहली किस्त के रूप में 3.88 करोड़ रुपये कार्यदायी संस्था को जारी भी कर दिए गए हैं। इसके निर्माण की जिम्मेदारी यूपीपीसीएल को दी गई है। बताया जा रहा है कि अभी डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम मालीखेड़ा में बहुद्देशीय हॉल का निर्माण कराया जाना है। हॉल के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजे जाने के बाद शासन ने मंजूर भी कर लिया था। वहीं हॉल के निर्माण को उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कार्पोरेशन को इसके निर्माण की जिम्मेदारी दी थी। बहुद्देशीय हॉल का निर्माण 7.76 करोड़ रुपये की लागत से होना है। शासन से हॉल के निर्माण को पहली किस्त के 3.88 करोड़ रुपये भी कार्यदायी संस्था को जारी कर दिए हैं। लगभग दो माह से अधिक का समय बीतने के बाद भी इसका निर्माण शुरू नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि फिलहाल डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जिला क्रीड़ा अधिकारी देशकांत त्यागी ने बताया कि कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने हॉल के लिए जमीन का निरीक्षण भी कर लिया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
बहुद्देशीय हॉल से बढ़ेंगी सुविधाएं
जिला क्रीड़ा अधिकारी के अनुसार बहुद्देशीय हॉल में कई खेलों के लिए सुविधाएं भी बढ़ सकेंगी। फोल्डिंग कोर्ट तैयार होगा तो, इंडोर खेलों के तहत हॉल में बास्केट बॉल, बैडमिंटन, हैंड बॉल, कबड्डी, टेबल टेनिस, टेनिस, कुश्ती आदि खेलों का आयोजन भी हो सकेगा। एक खेल के बाद किसी दूसरे खेल के लिए कोर्ट को तुरंत ही बदला जा सकेगा। जिससे खिलाड़ियों को परेशानी भी नहीं होगी।