Observers inspected the strong room, arranged for the test counting site
- फोटो : JPNAGAR
प्रेक्षकों ने मंडी समिति में बने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। पोलिंग पार्टी रवानगी का चार्ट तैयार करने का निर्देश देते हुए कहा कि पोलिंग एजेंट और मतदान कार्मिकों के आने जाने का मार्ग अलग-अलग रखा जाए।
शनिवार को जनपद की चारों विधानसभाओं के चुनाव प्रेक्षकों ने जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी बाल कृष्ण त्रिपाठी के साथ मंडी स्थल पुलिस लाइन में बनाए गए पार्टी रवानगी स्थल, मतगणना स्थल, स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। विधानसभा नौगांवा सादात प्रेक्षक डॉक्टर सदनेक सिंह ने कहा कि विधानसभा वार मशीनों को रखरखाव हेतु व्यवस्था होनी चाहिए। प्रयोग की जा रही मशीनों और अप्रयुक्त मशीनों को अलग-अलग रखने की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि मशीनों में किसी भी प्रकार का संदेह न हो सके।
कहा कि स्ट्रांग रूम की साफ सफाई, खिड़की दरवाजा यदि कहीं टूटे-फूटे हैं, तो उनकी मरम्मत करवाई जाए। प्रेक्षकों ने पार्ट रवानगी स्थल, मतगणना स्थल पर साफ-सफाई, लाईटिंग, प्रकाश, सुरक्षा व्यवस्था, मीडिया सेंटर, बैरिकेडिंग, टेंट समेत अन्य व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी बाल कृष्ण त्रिपाठी ने तैयारियों के संबंध में जानकारी दी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी भगवान शरण, अपर उप जिला अधिकारी सुधीर कुमार, मुख्य विकास अधिकारी चंद्रशेखर शुक्ला, उप जिला अधिकारी सदर विजय शंकर समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।