हसनपुर (अमरोहा)। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए ब्लॉक तिराहे पर तैनात महिला दरोगा और दो सिपाहियों के साथ युवक पर सेल्फी के बहाने अश्लील हरकतें करने का आरोप है।
पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ अश्लील हरकते करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वहीं, मौके पर पहुंचे आरोपी के परिजनों ने उसकी मानसिक दशा ठीक नहीं होने की बात कही है।
बृहस्पतिवार देर शाम ब्लॉक चौराहे पर कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए महिला दरोगा और सिपाहियों ड्यूटी लगी थी। इस दौरान एक युवक वहां आकर खड़ा हो गया और फिर अपने मोबाइल से वीडियो बनाने के बाद महिला पुलिसकर्मियों के संग सेल्फी लेने लगा। मना करने पर जिद पर अड़ गया और अश्लील हरकत करने लगा। तभी महिला पुलिस कर्मियों ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
कोतवाली लाने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। यह युवक ने अपना नाम मनोज निवासी आगापुर बताया। उधर, जानकारी मिलते ही आरोपी युवक के परिजन कोतवाली पहुंच गए और बताया कि युवक की मानसिक हालत ठीक नहीं है। करीब दस वर्ष पहले सड़क हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी थी। इस दौरान परिजनाें ने पुलिस से कानूनी कार्रवाई नहीं करने की गुहार लगाई।
परिजन युवक की दुर्घटना या मानसिक स्वास्थ्य के उपचार से संबंधित कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सके। सीओ पंकज त्यागी ने बताया कि आरोपी मनोज के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। युवक ने कुछ दिन पहले ही 60 हजार का मोबाइल खरीदा था।