मुरादाबाद। बरसात में होने वाले जलभराव को रोकने और ड्रैनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए स्मार्ट सिटी की ड्रीम्ड योजना अब पूरी होने की कगार पर है। स्मार्ट सिटी 49 करोड़ रुपये की लागत से व्यवस्थित जल निकासी योजना के तहत करुला नाले का निर्माण करा रहा है। इसका 95 प्रतिशत काम लगभग पूरा हो चुका है और 28 फरवरी तक यह काम पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है। स्मार्ट सिटी का दावा है कि इस कार्य के पूरा हो जाने से शहर में तकरीबन 24 से अधिक मोहल्लों में जलभराव की समस्या पूरी तरह से खत्म हो जाएगी।शहर में बरसात के दिनों में स्टेशन रोड, फव्वारा चौक, जेल रोड, पुराना बस अड्डा, ईदगाह रोड, वारसी नगर, समतलैया कॉलोनी, ढक्का कॉलोनी, बुध बाजार एक मीनार वाली मस्जिद जैसे क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी रहती है। इसके अलावा दिल्ली, चंदौसी और संभल रोड पर भी कई मोहल्ले की मुख्य सड़कों पर ही जलभराव हो जाता है, जिससे शहरवासियों को बड़ी मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। स्मार्ट सिटी ने ड्रैनेज सिस्टम को सही करने के लिए इस प्रोजेक्ट को 2021 में शुरू किया था। योजना के मुताबिक करुला नाले से 24 बड़े व 120 के करीब छोटे नाले को जोड़कर उसे शहर से बाहर करना है।
स्मार्ट सिटी ने योजना के तहत दिल्ली, रामपुर, चंदौसी और संभल रोड के नालों को करुला तक लिंक कर दिया है। करुला क्षेत्र में नाले का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है, जहां उसे पंपिंग स्टेशन से जोड़कर शोधित जल को नदी तक पहुंचाने का है। इस शोधित जल का इस्तेमाल शहर के अन्य कार्यों के लिए भी किया जा सकता है। स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता एके मित्तल के अनुसार 28 फरवरी तक अनुमान है कि कार्य पूरा हो जाएगा। इससे बरसात के दिनों में जलभराव से बड़ी राहत मिलेगी।
- नाला चोक होने पर बजेगा अलार्म
49 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह नाला अगर चोक होता है तो स्मार्ट सिटी कार्यालय में स्थित इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर (आईसीसीसी) में अलार्म बजने लगेगा। इससे चोक नाले की सफाई के लिए क्षेत्र की टीम को तुरंत संदेश मिलेगा। नालों की सफाई भी तकनीकी तरीके से नई मशीनों से कराई जाएगी।
- पंपिंग स्टेशन भी लगभग तैयार
स्मार्ट सिटी संभल रोड पर पंपिंग सेंटर भी बना रहा है। नाले का पानी पंपिंग सेंटर तक पहुंचेगा, जहां उसे शोधित किया जाएगा। शोधित जल ही रामगंगा नदी और गागन नदी में जाएगा। पंपिंग सेंटर ढक्का गांव के पास बनाया जा रहा है। यहां अकसर जलभराव की स्थिति बनी रहती है। पंपिंग सेंटर से नाले को जोड़ने के बाद संभल रोड पर भी जलभराव की समस्या से निजात मिल जाएगी।
बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या काफी बड़ी परेशानी का सबब बनती है। स्मार्ट सिटी की यह परियोजना पूरी होगी तो शहरवासियों को व्यापक राहत मिलेगी। काम को जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। - दिव्यांशु पटेल, सीईओ, स्मार्ट सिटी