हसनपुर (अमरोहा)। ब्लाक क्षेत्र के ग्राम पंचायत करनपुर माफी में विकास कार्यों में गड़बड़ी को लेकर जिलाधिकारी उमेश मिश्र द्वारा निवर्तमान ग्राम प्रधान एवं सहायक विकास अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित समय के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत ना होने की स्थिति में पंचायती राज अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बताते हैं कि वर्ष 2018 में ग्रामवासी देशराज चौहान एवं अन्य ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। कहा था कि मनरेगा, हैंडपंप रिबोर, वॉल पेंटिंग, इंटरलॉकिंग सड़क, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है। जिलाधिकारी द्वारा जांच कराई गई। जिसमें आरोप सही साबित हुए। इसमें करीब 93 लाख रुपए का घोटाला सामने आया। जिसकी रिकवरी किए जाने के आदेश भी हो चुके हैं। जिलाधिकारी उमेश मिश्र ने निवर्तमान प्रधान ओमवती व सहायक विकास अधिकारी पंचायत से स्पष्टीकरण मांगा है। निर्धारित समय में स्पष्टीकरण प्रस्तुत ना करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसके बाद डीपीआरओ ने भी कारण बताओ नोटिस का रिमांइडर भेजा है।