अमरोहा। कूड़े के निस्तारण नहीं करने पर मैरेज हॉल और रेस्टोरेंट संचालक को महंगा पड़ सकता है। सड़क पर गंदगी फैलाने पर शहर के 10 संचालकों को नोटिस जारी किया गया है। इसमें चर्चित एक कांग्रेसी नेता मैरेज हॉल भी शामिल है। एक सप्ताह में लिखित जवाब भी देने को कहा है। ऐसा नहीं करने पर एनजीटी, प्रदूूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर पालिका के एक्ट के अनुसार की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी ने मंगलवार को सफाई अनुभाग से मैरेज हॉल, होटल और रेस्टोरेंट के बारे में फीडबैक लिया। उनके जरिए कूड़ा के निस्तारण के बारे में प्रगति जानी। सफाई अनुभाग ने शहर के 10 मैरेज हॉल और रेस्टोरेंट के बारे में बताया जो सड़क पर कूड़ा फैलाते हैं। इसके बाद इन्होंने इन सभी के संचालकों के खिलाफ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। सफाई निरीक्षक मोहम्मद इल्तिजा और जगत सिंह ने बताया कि यहां पर कूड़े का निस्तारण वैैज्ञानिक तरीके से नहीं किया जाता है। इसके साथ ही कूड़ा की छंटाई कर वैज्ञानिक तरीके से निपटान को कहा है। इसमें सबसे अधिक आजाद रोड, कैलसा रोड, जोया रोड के अलावा एक बड़ा बाजार स्थित एक रेस्टोरेंट है।