नौगांवा सादात विधानसभा उपचुनाव के लिए तीसरे दिन मंगलवार को नामांकन पत्र जमा करने का खाता खुल गया। अजीत कुमार और पूनम देवी ने अपने पर्चे दाखिल कर दिए हैं। वहीं सात और लोगों ने नामांकन पत्र लिए हैं। इनमें कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. कमलेश सिंह और चेतन चौहान की पत्नी संगीता चौहान शामिल हैं। अब तक कुल 26 लोग नामांकन फॉर्म ले चुके हैं।
कलेक्ट्रेट स्थित कोर्ट संख्या तीन में मंगलवार को सुबह 11 बजे से नामांकन फॉर्म के लिए लोग आने लगे। रिटर्निंग ऑफिसर इंद्र नंदन सिंह ने नामांकन फॉर्म के लिए आने वाले लोगों से जानकारी लिया। तहसीलदार मोनालिसा जौहरी और चकबंदी अधिकारी इरफान अहमद ने नामांकन फॉर्म दिया।
सबसे पहले कांग्रेस प्रत्याशी डॉ कमलेश सिंह की ओर से नामांकन फॉर्म लिया। इसके बाद दोपहर लगभग 1-30 बजे चेतन चौहान की पत्नी संगीता चौहान के नाम से फॉर्म लिया गया। इस बीच अजीत कुमार ने नामांकन फॉर्म जमा किया। दोपहर लगभग दो बजे वकील के साथ पूनम देवी आईं उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसर को नामांकन फॉर्म दिया। नामांकन फॉर्म की पड़ताल की गई। इसके बाद यह लोग कक्ष से बाहर निकले।
इन लोगों ने लिया है फॉर्म
डॉ कमलेश सिंह
संगीता चौहान
अशफाक हुसैन
अफरोज आलम
संजीव कुमार
ललित मोहन
हरीश कुमार