अमरोहा। शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव कर दिया गया है। ऐसा यातायात के बढ़ते दबाव के चलते किया गया है। शहर में सुबह सात से रात नौ बजे तक नो इंट्री है। इस बीच शहर में भारी वाहन नहीं गुजर सकते हैं। वहीं टीपी नगर चौराहे पर पुलिया के निर्माण के चलते अतरासी तिराहा और बाईपास के तकिया मोती शाह चौराहे पर डायवर्जन किया गया है। गुजरने वाले वाहनों को दूसरे रास्तों से आगे भेजा जा रहा है। नो इंट्री 25 दिसंबर तक प्रभावी रहेगी।
शहर के टीपी नगर चौराहे पर पुलिया के निर्माण के चलते यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब शहर में 14 घंटे की नो इंट्री लागू की गई है। इसके चलते शहर में आवागमन बाधित रहेगा। शहर में विभिन्न इलाकों में सुबह सात से रात नौ बजे तक भारी वाहनों के आवागमन पर रोक है। शहर के बाईपास स्थित बिजली के एसडीओ ऑफिस के पास से बाईपास पर वाहनों के आने जाने पर रोक है। यहां पर बैरियर लगा कर आवागमन बाधित कर दिया गया है। कैलसा और पाकबड़ा, अहरोई इलाके से आने वाले भारी वाहन को बाईपास स्थित तकिया मोती शाह चौराहे के पास से डायवर्जन किया गया है। यह वाहन एसडीओ और अधिशासी अभियंता कार्यालय के सामने से होते हुए आईएम इंटर कॉलेज चौराहा के पास पहुंचेंगे। इसके बाद कोट चौराहे से दानिशमंदान इमामबाड़ा के सामने से टीपी नगर तिराहे पर पहुंच रहे हैं। वहीं कुछ छोटे वाहन पीरगढ़ के रास्ते से गुजर रहे हैं। इसके अलावा नौगांवा सादात और बिजनौर रोड से आने वाले वाहनों को अतरासी तिराहे से डायवर्ट किया गया है। इधर के वाहन अतरासी ओवरब्रिज होते हुए कलक्ट्रेट बाईपास से गुजरेंगे। वहीं गांधी मूर्ति से दो पहिया वाहनों के आने जाने के रास्ते हैं। दरगाह के बगल के रास्ते गुजर रहे हैं।