अमरोहा। रक्षाबंधन पर जाम से निपटने के लिए 28 अगस्त को सुबह से रात तक अमरोहा में विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। बाजारों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और प्रमुख चौराहों पर भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए शहर में भारी और मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। ऐसे वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा। यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए 50 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
रक्षाबंधन पर शहर के प्रमुख बाजारों और सड़कों पर सामान्य दिनों के मुकाबले कई गुना अधिक यातायात बढ़ जाता है। रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर भी यात्रियों की भीड़ बढ़ेगी। ऐसे में पुलिस ने पहले से ही संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थान चिह्नित कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की तैयारी कर ली है। त्योहार के दौरान भारी और मालवाहक वाहनों की वजह से शहर के भीतर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए इन वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। किसी मार्ग पर अचानक वाहनों का दबाव बढ़ने पर यातायात पुलिस तत्काल स्थिति के अनुसार रूट डायवर्ट करेगी।
एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को लेकर यातायात प्लान तैयार कर लिया गया है। 28 अगस्त को शहर में भारी एवं मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। सभी वाहनों वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
इन वैकल्पिक मार्गों से गुजारे जाएंगे वाहन
अमरोहा से मुरादाबाद जाने वाले वाहन नन्दन स्वीटस से कैलसा बाईपास होते हुए पाकबड़ा के रास्ते मुरादाबाद जाएंगे।
नौगावां सादात से अमरोहा व मुरादाबाद जाने वाले वाहन यहियापुर बाईपास से होते हुए अमरोहा व मुरादाबाद जाएंगे।
नौगावां सादात से दिल्ली जाने वाले वाहन रज्जाकपुर बाईपास से धनौरा बाईपास से अतरासी से हाईवे की ओर जाएंगे।
अतरासी चौकी हाईवे से अमरोहा आने वाले वाहन एआरटीओ कार्यालय से कल्याणपुरा रोड से बंबूगढ़ से कांकर सराय से कांठ रोड से माया धर्मकाटा होते हुए अमरोहा में प्रवेश करेंगे।
अमरोहा शहर से जोया/मुरादाबाद/दिल्ली (हाईवे) जाने वाले वाहन काकर सराय से बंबूगढ़ से जोया हाईवे की तरफ जाएंगे।
अमरोहा शहर से नौगावां सादात जाने वाले वाहन नंदन स्वीटस से माया धर्मकाटा से कांठ रोड से गुजरकर नौगावां सादात पहुंचेंगे। जोया से अमरोहा आने वाले वाहन
बंबूगढ़ होते हुए कांकर सराय होते हुए माया धर्मकाटा/कैलसा रोड से अमरोहा में प्रवेश करेंगे।
बंबूगढ़ से लेकर होटल रिगल 77 तक सभी प्रकार के भारी वाहन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगे।