अमरोहा। विजय जुलूस निकालने पर ग्राम पंचायत शाहबाजपुर गुर्जर के प्रधान जितेंद्र की पत्नी समेत नौ लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। सभी के खिलाफ महामारी एक्ट, सरकारी काम में बाधा व बलवा आदि की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
दो मई को पंचायत चुनाव की मतगणना हुई थी। विकास खंड की ग्राम पंचायत शाहबाजपुर गुर्जर से जितेंद्र निर्वाचित घोषित किए गए थे। जितेंद्र के समर्थकों ने डीजे आदि पर विजय जुलूस निकालना शुरू कर दिया था। उस समय प्रदेश में लॉकडाउन लागू था और चुनाव आयोग ने भी विजय जुलूस पर पाबंदी लगा रखी थी। विजय जुलूस निकालने की सूचना मिलने पर सीओ सत्येंद्र कुमार व तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और जुलूस को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि प्रधान व उनके समर्थकों ने पुलिस के साथ मारपीट शुरू कर दी थी। पुलिस ने जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया था। मामले में प्रधान समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रभारी निरीक्षक जयवीर सिंह ने बताया कि मामले में नामजद बबीता, लक्ष्मी, सोमवती, रूप सिंह, सुमित, रवि, योगेश, रोहताश, रूपचंद व राजीव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।