अमरोहा। दिसंबर का दूसरा सप्ताह चल रहा है। अब रातें सर्द होने लगी हैं लेकिन नगर निकाय क्षेत्रों में अभी भी रैन बसेरे पूरी तरह से तैयार नहीं है। नगर में अभी रेलवे स्टेशन रोड पर ही रैन बसरा बना है लेकिन यहां भी जानकारी के अभाव में लोग नहीं पहुंच रहे हैं। आश्रयविहीन लोग ठिठुरते हुए खुले आसमान के नीचे सो रहे हैं। नगर पालिका के अधिकारी ऐसे लोगों को रैन बसेरों तक लाने का कोई प्रयास करते नहीं दिख रहे हैं। अमरोहा के अलावा हसनपुर, गजरौला व धनौरा में भी रैन बसेरे तो बन गए, लेकिन वहां लोग नहीं पहुंच रहे हैं। रात के समय पड़ताल की गई तो लोग खुले में सोते मिले। वहीं कुछ रैन बसेरों में अव्यवस्था भी दिखे।
शहर में रेलवे स्टेशन रोड पर पालिका की ओर से रैन बसेरा बनाया गया है। यहां बिस्तर लगे हैं लेकिन जानकारी के अभाव में लोग नहीं पहुंच रहे हैं। रैन बसेरे से कुछ दूर लोग एक बिल्डिंग के पास खुले में सो रहे थे। उन्होंने बताया कि उन्हें रैन बसेरे की जानकारी नहीं है। नगर में अभी तक सिर्फ एक ही रैन बसेरा बना है।
हसनपुर में नगर पालिका में पालिका सभागार के पास ही रैन बसेरा बनाया गया है। रोडवेज बस स्टैंड के सामने ही नगर पालिका कार्यालय है। जागरूकता के अभाव में लोग इसका लाभ नहीं उठा रहे हैं और सड़क किनारे खुले में रात गुजार रहे हैं।
मंडी धनाैरा में ठंड की शुरुआत होते ही नगर पालिका परिषद द्वारा पालिका के सभागार में बनाया गया रैन बसेरा सूना पड़ा है। सात दिन में एक भी व्यक्ति यहां नहीं आया। अधिशासी अधिकारी अवधेश वर्मा का कहना है कि पालिका की ओर से रैन बसेरे में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
सर्दी को देखते हुए सभी नगर पालिका क्षेत्र में रैन बसेरे बनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी जगह रैन बसेरे तैयार भी हो गए हैं। उनमें बिस्तर समेत अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी गई हैं। रैन बसेरों के प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए गए हैं। - बृजेश कुमार त्रिपाठी, एडीएम वित्त एवं राजस्व।
-
पालिका ने प्रचार के लिए लगवाए होर्डिंग
गजरौला में पालिका क्षेत्र में अल्लीपुर में इस बार रैन बसेरा बनाया गया है। हर बार नगर रेलवे स्टेशन के पास रैन बसेरा बनाया जाता था, लेकिन इस बार यहां व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में लोगों को अल्लीपुर वाले रैन बसेरे में जाना पड़ रहा है। हालांकि, पालिका की ओर से रैन बसेरे के लिए प्रचार के लिए जगह-जगह होर्डिंग लगवाए गए हैं। रात में रैन बसेरे में पांच लोग मिले।