नवविवाहिता की मौत पर महिलाएं विलाप करती हुई
- फोटो : DHANAURA
बछरायूं (अमरोहा)। थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर काजी में एक महिला ने गृह क्लेश में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला का तीन माह पहले ही विवाह हुआ था। मौके पर पहुंचे मृतका के परिजनों ने बेटी के पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना गजरौला के गांव ख्यालीपुर निवासी राजवीर सिंह ने अपनी बेटी स्वाति की शादी तीन माह पहले कमालपुर काजी निवासी दीपक के साथ की थी। मंगलवार की दोपहर बाद स्वाति का शव के घर के भीतर कमरे में फंदे पर लटकता पाया गया। परिजनों को स्वाति द्वारा खुदकुशी करने की जानकारी हुई तो उनके पांव तले जमीन खिसक गई। मृतका के परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा। इसी बीच वहां पहुंचे स्वाति के चाचा ने पति व उसकी भाभी के संबंधों को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए उसकी हत्या करने का आरोप भी लगाया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।