अमरोहा। जिले की नई महिला कप्तान सुनीति ने गुरुवार को जनपद की कमान संभाल ली है। चार्ज लेने के बाद उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा व भ्रष्टाचार का खात्मा उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कार्यालय में प्रत्येक पटल पर जाकर अधीनस्थों से बात की तथा उनकी कार्यशैली देखी। इसके अलावा उन्होंने एक-एक फरियादी की बात सुनी तथा अधीनस्थों को समस्याओं के निस्तारण के आदेश दिए।
औरैया से अमरोहा पहुंची एसपी सुनीति ने गुरुवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया है। यहां पहुंचने पर गारद ने उनको सलामी दी। कर्मचारियों से बात करने के बाद उन्होंने कार्यालय का निरीक्षण किया। प्रत्येक पटल का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां तैनात कर्मियों से वार्ता की। उनकी कार्यशैली देखी। उन्होंने कहा कि निष्ठापूर्वक कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की दिक्कत आए तो वार्ता करें, समाधान कराया जाएगा। कार्य में लापरवाही न बरतें। एसपी ने कार्यालय पहुंच फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित थाना प्रभारियों को निस्तारण के लिए निर्देशित किया। उन्होंने हिदायत देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर एएसपी अजय प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।