अमरोहा। निजी क्रिकेट मैदान पर खेले गए मुकाबले में न्यू फ्रेंड्स क्रिकेट एकेडमी ने डीसीसी स्टार्स को छह विकेट से हराकर दमदार जीत दर्ज की। इस मैच के हीरो अश्वनी दिवाकर रहे, जिन्होंने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी डीसीसी स्टार्स की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज शाजन ने सात रन और अशर ने पांच रन बनाए और दोनों सस्ते में आउट हो गए। इसके बाद सैयद समीर नकवी ने पारी को संभालने की कोशिश की और 36 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 36 रन की जुझारू पारी खेली। अनीस रहमान ने 15 रन और सैयद ईसा नकवी ने 12 रनों का योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके। पूरी टीम 17.1 ओवर में 146 रन पर सिमट गई। न्यू फ्रेंड्स क्रिकेट एकेडमी की ओर से राजा खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 20 रन देकर चार विकेट झटके। वियान अग्रवाल ने दो विकेट लिए, जबकि अश्वनी दिवाकर और अर्श को एक-एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यू फ्रेंड्स एकेडमी की शुरुआत भी लड़खड़ा गई। अबुजर एक रन और सत्यम यादव 16 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए, जिससे टीम दबाव में आ गई। इसके बाद अश्वनी दिवाकर और मंजीत प्रजापति ने पारी को संभाला। अश्वनी दिवाकर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में नाबाद 73 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 12 चौके और दो छक्के शामिल रहे। वहीं मंजीत प्रजापति ने संयमित खेल दिखाते हुए 38 गेंदों में 31 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया। दोनों के बीच हुई अहम साझेदारी ने टीम को जीत के करीब पहुंचाया। न्यू फ्रेंड्स एकेडमी ने 19.1 ओवर में चार विकेट खोकर 147 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
डीसीसी स्टार्स की ओर से सैयद ईसा नकवी ने दो विकेट लिए, जबकि सैयद अली को एक सफलता मिली। अन्य गेंदबाज महंगे साबित हुए। इस जीत के साथ न्यू फ्रेंड्स क्रिकेट एकेडमी के अश्वनी दिवाकर को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।