अमरोहा। राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर जिले के कई शैक्षिक संस्थानों ने आईडी नहीं बनवाई है। इसके चलते अभिभावक हलकान हैं। इन लोगों ने फॉर्म भरने के बाद खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। स्कूल से लेकर अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का चक्कर काट रहे हैं। बावजूद इसके कोई सुनने वाला नहीं है।
प्री और पोस्ट मैट्रिक के छात्र छात्राओं को छात्रवृत्ति के लिए कॉलेज द्वारा अग्रसारण करना आवश्यक है। केंद्र सरकार की छात्रवृत्ति के लिए शैक्षिक संस्थानों को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर आईडी बनवाना जरूरी है। इसके बाद ही छात्र छात्राओं के फॉर्म को शैक्षिक संस्थान अग्रसारण कर सकता है। जिले के कई ऐसे छात्र छात्राएं हैं, जिन्होंने फॉर्म भर दिया है, लेकिन कॉलेज अग्रसारण नहीं कर रहे हैं। इसके चलते अभिभावक विकास भवन स्थित अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का चक्कर काट रहे हैं। बुधवार को कई अभिभावक विकास भवन में आएं। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति के लिए फॉर्म ऑनलाइन भर दिए हैं, लेकिन स्कूल वाले अग्रसारण नहीं कर रहे हैं। कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि स्कूल ने छात्रवृत्ति पोर्टल पर आईडी नहीं बनवाई है। उन्होंने अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी से अवगत कराने के लिए अगले दिन आने को कहा।
केस 1
अमरोहा। शहर के गुजरी मोहल्ले की रहने वाले आलेमीन ने बताया कि बेटी धनौरा रोड के एक स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ती है। छात्रवृत्ति का फॉर्म ऑनलाइन भर दिया है, लेकिन अब स्कूल वाले अग्रसारित नहीं कर रहे हैं। दौड़ भाग कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।
केस-2
अमरोहा। शहर के तहसील इलाके के नदीम ने बताया कि भतीजा एक स्कूल में पढ़ता है। मैंने केंद्र सरकार की छात्रवृत्ति के लिए फॉर्म भरा है, लेकिन कॉलेज वाले फॉर्म को अग्रसारण नहीं कर रहे हैं। अब समझ नहीं आ रहा है आखिर क्या करें।