परिषदीय स्कूलों की तरह अब माध्यमिक स्कूलों में भी परख सर्वेक्षण लागू किया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले इस सर्वेक्षण में परीक्षा के जरिए विद्यार्थियों की शैक्षिक दक्षता को परखा जाएगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय एवं एनसीईआरटी के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस सर्वेक्षण में कक्षा तीन, छह और नौ के विद्यार्थी भाग लेंगे। जिले के 124 स्कूलों में यह सर्वेक्षण किया जाएगा। इसमें सीबीएसई, मदरसा, नवोदय विद्यालय, परिषदीय एवं माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के स्कूल शामिल रहेंगे।
परख सर्वेक्षण में कक्षा तीन के लिए भाषा, गणित और हमारे आसपास की दुनिया, कक्षा छह के लिए भाषा गणित एवं हमारे आसपास की दुनिया तथा कक्षा नौ के लिए भाषा, गणित व सामाजिक विज्ञान के साथ-साथ विज्ञान विषयों में उपलब्धि का सर्वेक्षण किया जाएगा। सर्वेक्षण के लिए सीबीएसई की और से पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा के लिए डायट से फील्ड इंवेस्टीगेटर्स भी तैनात किए गए हैं। जो, कक्षा तीन के बच्चों को ओएमआर शीट भरने में मदद करेंगे।
स्कूलों में एक माह से चल रहा अभ्यास
बच्चों को सर्वेक्षण में शामिल होने के लिए ओएमआर शीट पर अभ्यस्त कराया जा रहा था। इसके लिए डीआईओएस की ओर से भी स्कूलों को विशेष दिशा निर्देश जारी किए गए थे। जिसमें हर शनिवार बच्चों को सर्वेक्षण के लिए अभ्यास कराया जा था।
डायट में बने कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
राष्ट्रीय परख सर्वेक्षण के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिसके लिए वरिष्ठ प्रवक्ता मनोज प्रकाश को प्रभारी, प्रवक्ता नीशू चौधरी को सह प्रभारी, मोहित शर्मा, सनी दत्त व रूप सिंह को सदस्य बनाया गया है।
राष्ट्रीय परख सर्वेक्षण के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। आज जिले के 124 विद्यालयों में परख सर्वेक्षण का आयोजन कराया जाएगा। इसके लिए सभी स्कूलों को पहले ही दिशा निर्देश जारी कर दिए गए थे। - वीपी सिंह, प्रभारी प्राचार्य, डायट