रमजान के तीसरे जुमे की नमाज के लिए मस्जिदें छोटी पड़ गईं। शहर व देहात के मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए रोजेदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। नमाजियों ने नमाज के बाद मुल्क में चैन ओ अमन व कौम की तरक्की को दुआ मांगी। प्रत्येक जगह शांति से नमाज संपन्न होने पर पुलिस ने सुकून की सांस ली।
शुक्रवार की सुबह से ही तीसरे जुमे को लेकर रोजेदारों में अलग उत्साह था। सभी नमाज की तैयारियों में जुटे थे। मस्जिदों में बड़े पैमाने पर बंदोबस्त किए गए थे। नगर क्षेत्र में अलग- अलग समय में जुमे की नमाज अदा कराई गई। जामा मस्जिद में अजान होते ही नमाजियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। बड़े ही नहीं बच्चे भी नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद में पहुंचे जहां नमाज अदा की। बाद में मुल्क में शांति और कौम के विकास को दुआ की।
इसके अलावा मदरसा शाही चबूतरा स्थित मस्जिद, मोहल्ला शफातपोता स्थित शिया जामा मस्जिद भी नमाजियों से खचाखच भरी रही। इस दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने और तरक्की को अपील की गई। उधर गजरौला, हसनपुर और उझारी में नमाज शांतिपूर्ण ढंग से हुई।