फाइल फोटोः जांच में तस्करी के बड़े गैंग का खुलासा हो सकता है।
- फोटो : Getty Images
चार माह पहले कस्बे के एक परिवार की किशोरी को बहला फुसलाकर अपहरण करने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
अपहृत किशोरी का पड़ोस में रहने वाली महिला ने 30 हजार रुपये में हरियाणा में सौदा कर दिया था, महिला और उसका पति किशोरी को खरीदने वाले व्यक्ति को सौंपने हरियाणा जा रहे तो पुलिस ने किशोरी को बरामद कर दंपति को हिरासत में ले लिया। बरामद किशोरी ने पुलिस को अपहरण से लेकर बेचने तक की कहानी बयां की है।
कस्बे के मुल्लाना मोहल्ला निवासी एक परिवार की पंद्रह वर्षीय बेटी का 17 मई को अपहरण कर लिया गया था। लड़की की मां की तहरीर पर डिडौली कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी।
परिजन व पुलिस उसे तलाश करने में जुट गए। चार माह से किशोरी को कोई सुराग नहीं लग सका। इसी बीच हरियाणा प्रांत के जनपद पलवल के थाना वहीन क्षेत्र के गांव शिवान में थाना वहीन पुलिस ने 25 अगस्त को अमीर जहां और उसके पति शाहिद को किशोरी को बेचने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था।
गिरफ्तार महिला कल्लो ने किशोरी का 30 हजार रुपये में थाना वहीन क्षेत्र के गांव शिवान में सौदा कर दिया था। वादे के अनुसार किशोरी को खरीदार को सौंपने के लिए शिवान ले जाया जा रहा था। थाना वहीन पुलिस की सूचना पर कोतवाली डिडौली पुलिस आरोपी दंपति समेत किशोरी को थाने ले आई। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराने के लिए भेजा गया है।