अमरोहा। घर के बाहर खेल रहे कक्षा दो के छात्र का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई। उसका शव घर से दो किलोमीटर दूर नौगांवा मार्ग पर पड़ा मिला। उसके गले में कपड़ा लिपटा मिला और सिर पर ईंट से कई वार किए गए है। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। मौके से ईंट और कपड़े को कब्जे में लिया है। एसपी ने मुआयना किया। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट ने मौके पर सबूत जुटाए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद छात्र के परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस हत्या की वजह बच्चों में विवाद मान रही है।
यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटकुई की है। यहां पर शाकिर सलमानी का परिवार रहता है। शाकिर कांठ अड्डे पर बारबर का काम करते हैं। उनके परिवार में पत्नी अफसाना के अलावा पांच बच्चे हैं। सबसे छोटा बेटा कामिल (9) कक्षा दो का छात्र था। गुरुवार की शाम कामिल घर के बाहर खेल रहा था। तभी वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने उसे काफी तलाश किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। देर रात परिजनों ने कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस और परिजन उसकी तलाश में जुट गए थे। शुक्रवार की सुबह नौगांवा सादात रोड पर सड़क किनारे कामिल का शव पड़ा मिला। उसके गले में कपड़ा लिपटा हुआ था। जबकि सिर पर ईंट से कई वार किए गए थे। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। एसपी सुनीति, एएसपी अजय प्रताप सिंह, सीओ सिटी विजय कुमार राना ने मुआयना किया। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने मौके पर सबूत इकट्ठा किए। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की तो उन्होंने किसी से भी रंजिश होने से इनकार कर दिया। पुलिस ने मौके पर खून से सनी ईंट और गले में लिपटा कपड़ा कब्जे में लिया है। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, एसपी ने हत्याकांड के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया है। अभी तक ही जांच में पुलिस हत्या की वजह बच्चों में खेलते समय विवाद होना मान रही है।