अमरोहा। टीकाकरण के चौथे चरण में पंजीकृत 1743 स्वास्थ्य कर्मियों में 1136 को टीका लगवाया गया। जबकि 607 छूट गए हैं। जिले में 65.2 प्रतिशत टीकाकरण हुआ। छूटे स्वास्थ्य कर्मियों के लिए शासन से निर्धारित तिथि पर टीकाकरण होगा। स्वास्थ्य कर्मियों ने टीका लगवाया और दूसरों को प्रेरित भी किया। सीएमओ ने बूथों का निरीक्षण कर अधीनस्थों को दिशा-निर्देश दिए। बूथों पर वैक्सीन के साइड इफेक्ट को लेकर सतर्कता बरती गई। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से बूथों पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।
सीएमओ सौभाग्य प्रकाश ने बताया कि शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहरा, हसनपुर, धनौरा, सीएचसी गजरौला, संजीवनी मेडिकल कॉलेज गजरौला, वेंकटेश्वरा मेडिकल यूनिवर्सिटी रजबपुर, सीएचसी जोया, सीएचसी अमरोहा नगर की नई बिल्डिंग, टीवी क्लीनिक, मुन्नी देवी और जिला अस्पताल सहित बारह अस्पतालों के 16 बूथों पर टीकाकरण कराया गया था। सरकारी, गैर सरकारी स्वास्थ्य कर्मियों के अलावा आशा और आंगनबाड़ी वर्कर समेत 1743 स्वास्थ्य कर्मियों को शामिल होना था। लेकिन, कुल 1136 ही टीक लगवाने उपस्थित हो सके हैं। हालांकि कई स्वास्थ्य कर्मी बीमारी से ग्रस्त होने के कारण टीका नहीं लगवा सके। ऐसे लोगों ने चिकित्सकों को अवगत करा दिया था। अब चार और पांच फरवरी को टीकाकरण किया जाएगा। अब तक के चार चरणों में 3491 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जा चुका है। जबकि 2002 कर्मचारी टीका नहीं लगवा सके हैं।