नौगांवा सादात(अमरोहा)। नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के गांव बिलना में रविवार को उधार के रुपये का तकाजा करने पर बारबर की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी के जरिए बारबर ने उसके बहनोई को रुपये उधार दिए थे। इलाज के दौरान अमरोहा में बारबर की मौत हो गई। हत्या से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थानाक्षेत्र के गांव बिलना निवासी अकबर अली के परिवार में पत्नी के अलावा चार बेटे और तीन बेटियां हैं। उनका सबसे बड़ा बेटा फुरकान अली (30) बंगलूरू में रहकर बारबर का काम करता था। लॉकडाउन होने पर वह गांव लौट आया था। आरोप है कि लॉकडाउन के दौरान ही फुरकान ने गांव के ही नौशाद के बहनोई को रुपये उधार दिए थे। ये रकम नौशाद के जरिए दी गई थी। रुपये वापस नहीं मिलने पर फुरकान नौशाद से तकाजा करता था। रविवार शाम चार बजे फुरकान ने नौशाद से अपने बहनोई से रुपये दिलाने को कहा। जिसे लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद नौशाद ने चाकू निकाल कर फुरकान की पेट में घोंप दिया। आननफानन में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डाक्टरों के रेफर करने पर परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसकी मौत हो गई। फुरकान की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। फुरकान का साढ़े पांच साल का बेटा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पिता अकबर अली की तहरीर पर पुलिस ने नौशाद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।