अमरोहा। 38 दिन पहले हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव भैंसरोली के जंगल में बिटोरे में मिले महिला के अधजले शव की शिनाख्त सिरसा गुर्जर हसनपुर निवासी विनोद की पत्नी सोनी के रूप में हुई है। उसकी गला दबाकर हत्या के बाद शव को बिटोरे में रखकर आग लगा दी गई थी। सोनी की पहली शादी से हुईं दो बेटियों को हासिल करने के लिए पति के रिश्तेदार ने गैंगस्टर दोस्त के साथ मिलकर हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि दूसरा आरोपी गैंगस्टर और गोकशी के मुकदमे पहले से जेल में बंद है।
हत्याकांड का खुलासा एएसपी अजय कुमार ने किया। उन्होंने बताया कि सात मई की रात हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव भैंसरौली के जंगल में मेंथा के खेत में स्थित बिटोरे में एक महिला की अधजली लाश मिली थी। शव की पहचान सोनी उर्फ कुसुम (42) पत्नी विनोद निवासी सिरसा गुर्जर हसनपुर के रूप में हुई। दोनों की ढाई वर्ष पूर्व शादी हुई थी। ये शादी विनोद के दूर के रिश्तेदार हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिकरौली निवासी अजब सिंह ने कराई थी। जिसे सोनी भी पहले से जानती थी। सोनी की ये दूसरी शादी थी। सोनी की पहली शादी 15 वर्ष पूर्व सोनू निवासी बिजनौरा थाना सैदनगली के साथ हुई थी। उसके दो बेटी और एक बेटा है। बीमारी के कारण सोनू की चार साल पहले मौत हो गई। सोनी अपने बच्चों को लेकर अजब सिंह के पास पहुंच गई। बाद में अजब सिंह ने उसकी शादी विनोद से करा दी। इसके बाद सोनी की दो बेटियां अजब सिंह के पास रहने लगी। सोनी मानसिक रूप से बीमार होने के कारण लड़ झगड़कर काफी दिनों तक घर से गायब रहती थी। घटना की रात से पहले सोनी अजब सिंह के यहां सिकरौली में आई थी। दोनों बेटियों को लेकर अजब सिंह और सोनी के बीच कहासुनी हो गई। सोनी बेटियों को ले जाने की जिद पर अड़ी, लेकिन वह बेटियों को नहीं देना चाहता था। बाद में अजब सिंह घर में मौजूद अपने दोस्त अबरार उर्फ पप्पुवा निवासी मदाला थाना असमौली संभल के साथ सोनी को भैंसरौली गांव के जंगल में ले गया। जहां गला घोटकर हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए शव को बिटोरे में रखकर जला दिया। लेकिन गांव वालों को आग लगने की भनक हो गई और उन्होंने आग बुझा दी। इसके बाद महिला का अधजला शव बरामद हुआ था।
कपड़े और झुमके से हुई महिला की शिनाख्त
अमरोहा। एएसपी अजय प्रताप सिंह के मुताबिक महिला के शव की पहचान उसके पति विनोद निवासी सिरसा गुर्जर ने फोटोग्राफ, अधजले कपड़े, झुमके, कंगन और माला के आधार पर की है। पुलिस इस हत्याकांड को चुनौती के रूप में लेते हुए घटना का सफल अनावरण किया है।
गैंगस्टर और गोकशी का आरोपी है दूसरा हत्यारोपी
अमरोहा। इंस्पेक्टर नीरज मलिक ने बताया कि संभल निवासी अबरार उर्फ पप्पुवा गैंगस्टर और गोकशी का आरोपी है। गिरफ्तारी के डर से वह अजब सिंह के घर में छिपा हुआ था। सोनी की हत्या करने के बाद वह फरार हो गया था। अजब सिंह के कबूलनामे के बाद पुलिस अबरार घर पहुंची थी। जहां उसके परिजनों ने बताया कि अबरार गैंगस्टर और गोकशी के आरोप में जेल जा चुका है। इंस्पेक्टर के मुताबिक अबरार को रिमांड पर लेने की कार्रवाई की जाएगी।
खुलासे में यह टीम रही शामिल
अमरोहा। सोनी उर्फ कुसुम हत्याकांड के खुलासे में इंस्पेक्टर नीरज कुमार, एसएसआई संजय कुमार, कांस्टेबल अजीत उज्ज्वल, विकास कुमार और अंकुर कुमार ने अहम भूमिका निभाई है।
बोला अजब सिंह, मैंने गुनाह किया, पत्नी को समझाओ बच्चे को छोड़कर न जाए
अमरोहा। सोनी हत्याकांड के खुलासे के बाद से आरोपी अजब सिंह की पत्नी घर से फरार है। पत्नी के घर छोड़कर जाने के गम में अजब सिंह पुलिस ऑफिस में फफक कर रो पड़ा। उसने इंस्पेक्टर नीरज मलिक से कहा साहब मैंने गुनाह किया है। लेकिन मेरी पत्नी को समझाओ वह बच्चों को छोड़कर कहीं न जाए।