नौगांवा सादात(अमरोहा)। महिलाओं में कहासुनी के बाद दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। हमलावरों ने किसान के सिर में फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही एसपी, एएसपी, सीओ और इंस्पेक्टर फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। पुलिस ने भाई की तहरीर पर आरोपी और उसके दो बेटों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह वारदात नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के मिलक महमूदपुर गांव की है। यहां पर धर्मवीर और टेकचंद के परिवार रहते है। पिछले तीन दिन से दोनों परिवारों के बीच महिला पर टिप्पणी को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे टेकचंद के छोटे भाई लोकेंद्र की पत्नी गीता और धर्मवीर के बेटे कुलदीप की पत्नी गुड़िया के बीच कहासुनी हो गई। तभी हाथों में बलकटी, फावड़ा और लाठी-डंडे लेकर धर्मवीर अपने बेटे कुलदीप और संजीत के साथ वहां पहुंच गया। यहां मौजूद टेकचंद, वीरसिंह, रीना, भगवानदेई, परवेंद्र और काजल पर हमला कर दिया। सभी को बुरी तरह पीटा। आरोपियों ने टेकचंद (52) के सिर में धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। आनन-फानन में परिजन टेकचंद को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मारपीट में वीरसिंह, महीपाल, रीना, भगवानदेई और परवेंद्र भी घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात जानकारी मिलते ही एसपी डॉ विपिन ताडा, एएसपी अजय प्रताप सिंह, सीओ अजय कुमार और इंस्पेक्टर अजय कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने टेकचंद के भाई वीरसिंह की तहरीर पर धर्मवीर और उसके बेटे कुलदीप और संजीत के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं आरोपी धर्मवीर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मिलक महमूदपुर में दो परिवार रहते हैं। पहले महिलाओं के बीच कहासुनी हुई। बाद में दोनों पक्ष लाठी-डंडे और फावड़े लेकर आमने-सामने आ गए। मारपीट हुई। इसमें एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। तहरीर के आधार पर दूसरे पक्ष के पिता-पुत्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।
- डॉ विपिन ताडा, एसपी अमरोहा