हसनपुर(अमरोहा)। कोतवाली क्षेत्र के गांव डोमखेड़ा में एक सप्ताह पूर्व अनुसूचित जाति के लोगों को धार्मिक स्थल जाने से रोका गया था। इसकी शिकायत पुलिस से की गई तो आरोपी रंजिश मानने लगे। इसी रंजिश में शनिवार रात घर के आंगन में चारपाई पर सो रहे अनुसूचित जाति के 17 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से गांव में खलबली मच गई। एसपी ने रात में ही घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मामले में पिता-पुत्र समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। हालांकि पुलिस मामले में लेनदेन का विवाद बता रही है।
क्षेत्र के गांव डोमखेड़ा में अनुसूचित जाति के एक ही परिवार से लोग रहते हैं। जबकि अन्य चौहान बहुल गांव है। अनुसूचित जाति के ओमप्रकाश के घर पर दरवाजा नहीं है। जबकि दूसरी तरफ जंगल है। घर की चहारदीवारी भी नहीं है। शनिवार मध्यरात्रि में ओमप्रकाश का सत्रह वर्षीय बेटा विकास परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर के आंगन में पेड़ के नीचे चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सो रहा था। इस दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने गोली मारकर विकास की हत्या कर दी। परिजनों के मुताबिक फायरिंग की आवाज सुनकर जागे परिजनों ने आरोपियों को भागते हुए पहचान लिया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ एसपी डा. विपिन ताडा भी मौके पर पहुंच गए। घटना की जांच पड़ताल की। ओमप्रकाश ने पुलिस को बताया कि विकास व चचेरे भाई रूपराम का बेटा दिले सप्ताह भर पूर्व गांव में ही धार्मिकस्थल पर पूजा करने जा रहे थे। आरोप है कि गांव के ही एक परिवार के लोगों ने दोनों को रास्ते में रोककर मारपीट की। इसकी शिकायत थाना पुलिस से की गई। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस से शिकायत करने से आरोपी पक्ष के लोग नाराज हो गए। इसी रंजिश में बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर होराम चौहान, लाला चौहान, रोशन चौहान व राजवीर चौहान के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
-गांव डोमखेड़ा में सप्ताहभर पूर्व दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। उसी वजह से घर में सो रहे किशोर की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
-नीरज कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हसनपुर।
समय रहते पुलिस करती कार्रवाई तो टल सकती थी घटना
हसनपुर। अगर समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो हत्या की घटना टल भी सकती थी। मृतक विकास के पिता ओमप्रकाश का कहना है कि सप्ताहभर पूर्व मारपीट हुई थी। इसकी शिकायत थाने पर की गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जबकि आरोपी पक्ष गांव में खुलेआम लगातार धमकी देता रहा। इसके बाद शनिवार को भी ओमप्रकाश के भाई ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर भी शिकायती पत्र दिया। हत्या की घटना के बाद अंबेडकर विकास मंच के अध्यक्ष महेंद्र सिंह आर्य, महासचिव रामवीर सिंह, विनोद कुमार गौतम, अजब सिंह आदि लोगों ने थाने पहुंचकर एसपी से वार्ता की और हल्का दरोगा की कार्यशैली पर सवाल उठाए। आरोप लगाया कि घटना के लिए हल्का दरोगा भी जिम्मेदार है। हलका दरोगा ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। यदि मारपीट के मामले में हल्का दरोगा द्वारा कोई कार्रवाई कर दी गई होती तो आरोपियों का दुस्साहस इतना ना बढ़ता। दरोगा को निलंबित करने की मांग की। एसपी ने उचित कार्रवाई का भरोसा भी दिया। उधर, बसपा जिलाध्यक्ष डा. होरी सिंह, जोन कोआर्डिनेटर हेम सिंह व जाफर मलिक, जिला प्रभारी अजब सिंह, विधानसभा अध्यक्ष मदन सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख जयदेव सिंह, जनम सिंह आदि ने मृतक के परिवार को सांत्वना दी। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
तीन भाइयों में छोटा था विकास
हसनपुर। गांव डोमखेड़ा में जिस विकास की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। विकास ने इस बार कक्षा 11 की परीक्षा पास की थी। सबसे बड़ा भाई दिनेश, उससे छोटा अनिल, इसके बाद बहन कुंती व सबसे छोटा विकास था। विकास की मौत से बहन भाइयों का रो-रोकर बुराहाल है।
सुरक्षा की दृष्टि के गांव में पुलिस बल तैनात
हसनपुर। गांव डोमखेड़ा में अनुसूचित जाति के किशोर की गोली मारकर की गई हत्या से गांव में शांतिपूर्ण तनाव की स्थिति बनी हुई है। सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। क्योंकि विकास के घर पर दरवाजा भी नहीं है और दो तरफ से खुला हुआ है।
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को जाम लगाने की कोशिश
हसनपुर। गांव डोमखेड़ा में विकास के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग के लिए एक संगठन के कार्यकर्ताओं ने परिजनों को कुछ ग्रामीणों को साथ ले जाकर अतरासी मार्ग पर ताहरपुर इंटर कालेज के सामने जाम लगाने की कोशिश भी की। हालांकि जाम लगाने से पूर्व ही इसकी भनक पुलिस को लग गई। पुलिस ने जिम्मेदार लोगों से वार्ता कर जाम नहीं लगने दिया।
पुलिस का दावा, रुपये के विवाद में हुई हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
हसनपुर(अमरोहा)। गांव डोमखेड़ा में घर में सोते हुए किशोर की गोली मारकर हुई हत्या में नामजद दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है रुपये के लेनदेन को लेकर चले आ रहे विवाद के चलते किशोर की गोली मारकर हत्या की गई है। धार्मिकस्थल में जाने से रोकने का कोई विवाद नहीं है।
पुलिस अधीक्षक डा. विपिन ताडा ने बताया कि हत्यारोपी होराम व उसके पिता लाला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूछताछ में हत्यारोपियों ने बताया कि होराम चौहान मजदूरी करता है। करीब एक वर्ष पहले मृतक विकास के बड़े भाई दिनेश ने एक बाग में आम तोड़ने का ठेेका लिया था, जिसमें मजदूरी के पांच हजार रुपये होराम के दिनेश पर चल रहे थे। कई बार मांगने पर भी रुपये नहीं दिए। सप्ताहभर पूर्व मजदूरी के रुपये मांगने पर ही होराम व विकास में मारपीट हुई थी। एसपी ने बताया कि यहां विकास पक्ष के अधिक लोग एकत्र हो गए थे, जिन्होंने होराम को पीट दिया था। जिसके बाद होराम वहां से एक दोस्त के पास चला गया था। शनिवार रात को होराम ने दोस्त के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। हत्या में शामिल होराम के दोस्त को भी शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा।