गजरौला। किराए पर अमरूद की बगिया लेने वाले ग्रामीण का शव संदिग्ध हालत में घर से काफी दूर गैर आबाद गांव में आम के बाग में पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। देर शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण ब्रेन हेमरेज आया है। पुलिस ने इसे इत्तेफाकिया बताते हुए जांच जारी रखने की बात कही है।
थाना क्षेत्र में हसनपुर रोड पर गांव छोया को जाने वाले मार्ग के ठीक सामने उमंग डेयरी की साइड वाली कच्ची सड़क पर लगभग तीन किलोमीटर भीतर हरियाणा में तैनात बताए जा रहे किसी आईपीएस का गैर आबाद गांव दाउदपुर बुजुर्ग में आम का बाग है जो कि उन्होंने किसी को किराए पर दे रखा है। शनिवार की सुबह यहां लगभग 38 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। इसी दौरान वहां आए गांव सिहाली जागीर निवासी जीशान, नाजिर आदि ने उसकी शिनाख्त गांव निवासी आशान खां पुत्र जहूर खान के रूप में की। कुछ ही देर में मृतक के भाई नवाब सिंह भी वहां आ गए। मृतक के कान से भी खून बहा था। उन्होंने अपने भाई की हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस को फोन कर दिया। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा भी आ पहुंचे। एसआई पवन कुमार ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए नामजद तहरीर दे दी। साथ ही बताया कि मृतक शुक्रवार को पूर्वान्ह 11 बजे से घर से लापता था। वहीं रात आठ बजे इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण ब्रेन हेमरेज आया है। उन्होंने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट का एक भी निशान नहीं था। कान से खून फुंसी फूटने से बहा था। उन्होंने बताया कि फिर भी जांच की जा रही है।