अमरोहा। शहर में आवारा कुत्तों की दहशत के बीच नगर पालिका ने उन्हें पकड़ने का अभियान शुरू कर दिया है। बीते दो दिनों में शिवद्वारा और मोहल्ला मुल्लाना में कार्रवाई कर करीब 40 कुत्ते पकड़े गए। कुत्तों के बच्चों और लोगों को काटकर घायल करने की घटनाओं को देखते हुए अब रोज अभियान चलाया जाएगा। निगरानी के लिए सफाई निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
शहर के विभिन्न मोहल्लों में आवारा कुत्तों के झुंड घूमने से लोगों में दहशत है। बच्चों के घर से निकलने और गलियों में खेलने के दौरान हमले का डर रहता है, जबकि राहगीरों को भी कुत्तों के पीछे दौड़ने और काटने का खतरा है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि कुत्तों की बढ़ती संख्या और हमलों की रोकथाम के लिए उचित प्रबंधन किया जा रहा है। पालिका क्षेत्र में पशु जन्म नियंत्रण केंद्र स्थापित किया गया है और कुत्तों को पकड़ने, देखभाल व नसबंदी के लिए प्रशिक्षित निजी संस्था से अनुबंध किया गया है।
उन्होंने बताया कि संस्था के प्रशिक्षित कर्मचारी शहरी क्षेत्र में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनकी देखभाल और नसबंदी करेंगे। अभियान का उद्देश्य कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने के साथ लोगों को काटने की घटनाओं पर रोक लगाना है।