गजरौला। तिगरी और गढ़ गंगा मेले को जोड़ने वाले पांटून पुल पर दिन छिपने के बाद आवागमन बंद रहेगा। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर जाल लगा दिया है। बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं और आम लोगों के लिए पुल बंद रखा गया। तिगरी और गढ़ की ओर से पुल का रास्ता बंद कर दिया गया है। मेला मजिस्ट्रेट शैलेष दूबे ने बताया कि सुरक्षा कारणों से शाम के बाद पुल पर आवागमन नहीं होगा। संवाद
रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाए मेले के झूले
गजरौला। तिगरी गंगा मेले में रंग-बिरंगी लाइटों से सजे झूले श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं। बृहस्पतिवार शाम दिन छिपते ही बिजली चालू होने पर मनोरंजन क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठा। गंगा तट पर पांच किलोमीटर के दायरे में फैले मेले में सदर चौक के निकट मनोरंजन क्षेत्र में झूले, ब्रेक डांस, ड्रेगन ट्रेन, मौत का कुआं और नावनुमा झूले श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। संवाद
सीएचसी के सामने पिंक शौचालय शुरू
गजरौला। सीएचसी के निकट नगर पालिका की ओर से बनवाए गए पिंक शौचालय का बृहस्पतिवार को नगर स्वच्छता प्रेरक एवं पूर्व विधायक हरपाल सिंह ने उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि शौचालय से सीएचसी में दवा लेने आने वाली महिलाओं और रास्ते से गुजरने वाली महिलाओं को सुविधा मिलेगी। इस मौके पर डॉ. राजीव शुक्ला, अशोक उर्फ दिले चौधरी और आदेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे। संवाद