अमरोहा। नगर कोतवाली क्षेत्र के नानकचंद रोड पर रविवार रात तेज रफ्तार हाइड्रा क्रेन की टक्कर से बाइक सवार हरीश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने हाइड्रा चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच-पड़ताल कर हाइड्रा चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया है। मोहल्ला जयओम नगर निवासी हरीश कुमार परिवार के साथ रहते थे। परिवार में उनकी पत्नी और बच्चे हैं। वह रोजमर्रा की मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।
बताया गया कि रविवार देर शाम करीब साढ़े आठ बजे हरीश कुमार अपनी मोटरसाइकिल से किसी कार्य से जोया जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक नानकचंद रोड पर पहुंची, पीछे से आ रही तेज रफ्तार हाइड्रा क्रेन ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हरीश कुमार उछलकर सड़क पर गिर पड़े और हाइड्रा का पहिया सिर पर चढ़ने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि मृतक के बेटे अभिषेक प्रजापति की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी चालक को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। वहीं, परिजनों ने सोमवार को शव का अंतिम संस्कार कर दिया।