अमरोहा। स्पार्कल लेडीज क्लब ऑफ अमरोहा की ओर से आयोजित बॉलीवुड ग्लैमर कार्यक्रम में फिल्मी अंदाज और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। पूरे आयोजन में ऐसा माहौल रहा मानो बॉलीवुड की दुनिया अमरोहा में उतर आई हो। कार्यक्रम में क्लब की सदस्याओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का संचालन शालिनी माहेश्वरी, अदिति माहेश्वरी और रुनझुन अग्रवाल ने फिल्मी अंदाज में किया। मंच पर आयोजित रैंप वॉक मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने बॉलीवुड अभिनेत्रियों के विभिन्न रूप जीवंत कर दिए। रेखा से लेकर दीपिका पादुकोण और आलिया भट्ट तक के किरदारों में सजी सदस्याओं ने शानदार प्रस्तुति दी।
तंबोला भी कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा, जिसे रुनझुन अग्रवाल ने बॉलीवुड थीम पर प्रस्तुत कर दर्शकों को रोमांचित किया। वहीं शालिनी और अदिति माहेश्वरी ने सरप्राइज एक्ट से उत्साह बनाए रखा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में अदिति गुप्ता और अदिति माहेश्वरी का ग्रुप डांस खूब सराहा गया। तूलिका आर्या ने ‘ताल से ताल मिला’ गीत पर मनमोहक नृत्य कर खूब तालियां बटोरीं।
इसके अलावा राशि चांदना, रुचिता गुप्ता, शिंकी होरा, शिवानी माहेश्वरी और सोनिया गेरा ने समूह नृत्य से समां बांध दिया। मोनिका रस्तोगी, रुचिका रस्तोगी, अनु गुप्ता और पूजा रस्तोगी ने रेट्रो गीतों पर प्रस्तुति देकर पुरानी यादें ताजा कर दीं। अंत में तूलिका आर्या ने सभी सदस्यों को उपहार भेंट किए। क्लब की सेक्रेटरी रुचि गुरदित्ता ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता का श्रेय टीम वर्क को दिया। इस दौरान ज्योति माहेश्वरी, नविता माहेश्वरी, सुचि माहेश्वरी और योगेश मालीवाल मौजूद रहे।