हसनपुर में कूड़े के देर में नवजात का शव मिलने के बाद पहुंची पुलिस जांच करती हुई। वायरल फोटो
हसनपुर (अमरोहा)। न जाने मातृत्व पर लोकलाज भारी पड़ी या फिर कोई अपना ही कंस बन बैठा, पर जो भी ही एक बार फिर मां की ममता शर्मशार हो गई। जीवन देने के बाद जिन्हें नवजात का सुरक्षा कवच बनना चाहिए था, उन्होंने ही उसे कूड़े के ढेर पर फेंक दिया।
पूठरोड पर मोहल्ला कालाशहीद के पास एक नवजात शिशु का शव कूड़े के ढेर में मिला। यह शव कब्रिस्तान के पास ट्रांसफॉर्मर के नजदीक प्लास्टिक की बोरी में बंद मिला। सफाई कर्मचारियों ने कूड़ा उठाते समय शव को देखा तो पुलिस को सूचना दी गई है। पुलिस मामले की जांच की कर रही है।
बृहस्पतिवार की सुबह को नगर पालिका के कर्मचारी पूठ रोड पर सफाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें कूड़े के ढेर में एक प्लास्टिक की बोरी मिली। उन्होंने बोरी को खोलकर देखा तो उसमें नवजात का शव था। जानकारी मिलते ही मौके पर मोहल्ले के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पीआरवी कर्मी भी मौके भी पहुंच गए। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की गई। आसपास के लोगों से उसके बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। कानूनी कार्रवाई की जा सकी है। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि कूड़े के ढेर में नवजात के शव को किसने फेंका है। इसका पता सीसीटीवी कैमरों से लगाया जाएगा। रास्ते के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-
पहले भी मिल चुके है नवजात के शव
क्षेत्र में कूड़े ढेर में नवजात के शव मिलने की घटना पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन आज तक उन मामलों का कोई खुलासा नहीं हो सका है। पांच माह पूर्व हैबतपुर बंजारा रोड पर एक खाली प्लाट में कूड़ के ढेर में नवजात का शव मिला था। करीब एक साल पहले पूठ रोड की तरफ ही एक खाली प्लाॅट में नवजात का शव मिला था। इन मामलों में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।
-
चर्चाओं का बाजार रहा गर्म
हसनपुर। पूठरोड पर बृहस्तिवार सुबह नवजात का शव मिलने पर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही है। कुछ लोगों का कहना है कि बिन ब्याही मां ने ऐसा किया है। तो कुछ लोगों का और ही कहना है। कुछ लोगों का मानना है कि यदि बिन ब्याही मां द्वारा ऐसा किया है तो यह गलत है।