पूछताछ में सोनिया ने पति कौपिन से किसी भी तरह का विवाद होने से इन्कार किया है। महिला ने बताया कि उसे तेज बुखार था। इस बीच उसके दिमाग ने काम करना बद कर दिया। अचानक उसने अपना आपा खो दिया और अपनी ही दोनों बेटियों की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद चाकू से खुद का भी गला काट दिया। पुलिस की पूछताछ के दौरान महिला का गला भी भर आया। हालांकि, महिला के बयान से पुलिस भी हैरान है।
नौगांवा सादात क्षेत्र के गांव बहादुरपुर खुर्द निवासी कौपिन सिंह गुरुग्राम की एक फैक्टरी में नौकरी करता है। करीब दस साल पहले कौपिन की शादी मुजफ्फरनगर जिले के खतौली थाना क्षेत्र के गांव धौड़ निवासी सोनिया के साथ हुई थी। सोनिया की बड़ी बहन सोनम भी कौपिन के बड़ी भाई से ब्याही है। कौपिन की पत्नी सोनिया और दो बेटी अनुष्का (8) व किट्टो (5) गांव में रहते थे, जबकि कौपिन हर सप्ताह शनिवार को घर आते थे और सोमवार को ड्यूटी पर जाते थे। सोनिया घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में रहती थी, जबकि पहले तल पर कौपिन के बड़े भाई रामभूल सिंह पत्नी सोनम व बच्चों के साथ रहते हैं। सोनिया और सोनम सगी बहन हैं।
आठ फरवरी की शाम को कौपिन छुट्टी पर घर आए थे। सोमवार यानी 10 फरवरी की सुबह करीब पांच बजे वह गुरुग्राम के लिए निकल गए थे। उसी दिन दोपहर करीब 12 बजे सोनिया ने अपनी दोनों बेटियों का गला दबाकर हत्या कर दी थी और चाकू से खुद का भी गला काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। अपना गला काटने के बाद सोनिया ने कौपिन को वीडियो कॉल भी की थी। उधर, खेत से घर पहुंची सोनिया की बड़ी बहन सोनम ने सबसे पहले घटना को देखा था। इसके बाद परिजनों ने सोनिया को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पति से विवाद होने के बाद सोनिया ने घटना को अंजाम देने का दावा किया था, जबकि कौपिन ने भी सोनिया से किसी भी विवाद से इन्कार किया था। पति कौपिन ने सोनिया के खिलाफ दो बेटियों की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। वहीं, सोनिया की सेहत में सुधार होने पर मंगलवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
-
सोनिया के बयानों पर टिकी थी सभी निगाहें
सोनिया ने अपनी दो मासूम बेटियों की हत्या क्यों की, इस सवाल के जवाब के लिए हर किसी की निगाहें उसके बयान पर टिकी थी। लेकिन, सोनिया ने पुलिस को जो बयान दिया उसे सुनकर चौक गए। उसके बयान न तो परिजनों के गले उतर रहे और न पुलिस के।