रजबपुर(अमरोहा)। साइबर अपराधियों ने आरटीओ के चालान चेक नाम वाली एपीके फाइल भेजकर सौ से ज्यादा लोगों के मोबाइल हैक कर लिए। गनीमत रही युवक ने अपना फोन बंद कर लिया और दूसरे नंबर से साइबर के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। समय रहते मोबाइल बंद होने के कारण किसी के खाते से रुपये की कटौती नहीं हो सकी।
रजबपुर थानाक्षेत्र के गांव जगुआ खुर्द के रहने वाले मनोज के व्हाट्सएप पर शुक्रवार की शाम आरटीओ के चालान के नाम से एक एपीके फाइल आई थी। जैसे ही उन्होंने फाइल को खोल तो उनका मोबाइल हैक हो गया। थोड़ी देर में वह एपीके फाइल उनके मोबाइल में मौजूद सभी व्हाट्सएप ग्रुप व अन्य नंबरों पर शेयर होने लगी। यह देखकर मनोज के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। साथ ही उन्होंने दूसरे नंबर से साइबर के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई।
साइबर थाना प्रभारी जितेंद्र बालियान ने बताया कि आजकल साइबर अपराधी ई-चालान के नाम से मोबाइल हैक कर ठगी का प्रयास कर रहे हैं। यदि आपके पास भी आरटीओ के नाम से ई-चालान का मैसेज आता है तो सावधान हो जाएं। मैसेज भेजने वाला आरटीओ विभाग से नहीं बल्कि साइबर ठग हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि अन्य एपीके फाइल को खोलने से पहले पूरी तरह मुतमइन हो जाएं, वरना इग्नोर कर दें।