नौगांवा सादात। थानाक्षेत्र में रविवार को हुए सड़क हादसे में मुरादाबाद निवासी बाइक सवार ट्रांसपोर्टर मून मसीह (37) की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पुलिस ने मामले में कार के चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मृतक मून मसीह मुरादाबाद के छजलैट थाना क्षेत्र के गांव सदुपुरा निवासी ज्ञान सिंह के बेटे थे। मून मसीह ट्रांसपोर्ट का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी रेनू के अलावा दो बेटे संस्कार और उत्तम हैं। परिजनों के मुताबिक मून मसीह रविवार को भूसा खरीदने के सिलसिले में नौगावां सादात आए थे। रविवार सुबह करीब 11 बजे अपनी बाइक से नौगावां सादात क्षेत्र से वापस घर लौट रहे थे।
उन्होंने हेलमेट भी लगाया था।जैसे ही उनकी बाइक बीवड़ा पुलिया के पास पहुंचा, तभी कुमखिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार मून मसीह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे उपचार के लिए अमरोहा जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि मृतक के पिता ज्ञान सिंह की तहरीर पर कार चालक सत्यम निवासी गांव मुनव्वरपुर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जल्दी ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हादसे स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।