मुरादाबाद। लोकोशेड पुल के नीचे आरोपी दीपू सैनी (22) ने लगातार दो दिन ट्रेनों पर पेट्रोल बम फेंका। जीआरपी-आरपीएफ मुख्यालय से रेलवे बोर्ड तक हल्ला मचने के बाद रविवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। लालकुआं एक्सप्रेस और चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस पर हमला करने वाले आरोपी ने पुलिस से कहा कि मुझे जेल भेज दो वरना कोई ट्रेन फूंक दूंगा।
जीआरपी-आरपीएफ की पूछताछ में पता चला कि आरोपी अपने भाई की मौत से आहत है। आरोपी दीपू का कहना है कि उसके भाई को लोगों ने मार दिया, अब वह मौत का बदला लेगा। 31 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे उसने लोकोशेड पुल के नीचे से गुजर रही (15060) आनंदविहार-लालकुआं एक्सप्रेस पर बोतल में पेट्रोल भरकर उसमें आग लगाकर ट्रेन पर फेंका।
इससे एस-5 कोच में खड़े एक यात्री का हाथ जल गया। यात्री के तहरीर न देने पर मामला हल्का पड़ गया। दूसरे दिन एक अगस्त की शाम चार बजे वह फिर लोकोशेड पुल के नीचे पहुंचा और चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस पर वैसा ही हमला किया। गमीनत रही कि पेट्रोल भरी और आग से जलती हुई बोतल ट्रेन के कोच के अंदर नहीं गिरी। लगातार दो दिन घटना के बाद मामला रेलवे बोर्ड तक पहुंच गया। जीआरपी और आरपीएफ की टीमें सतर्क हुईं।
तीसरे दिन दो अगस्त को आरोपी फिर इसी तरह ट्रेन पर हमला करने के लिए बीयर की बोतल में पेट्रोल भरकर उसके ढक्कन पर एमसील लगाकर लाया। रेकी कर रही पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 560 रुपये और एक माचिस बरामद हुई है।