अमरोहा। राजकीय इंटर कॉलेज के मिनी स्टेडियम में चल रही 70वीं मंडलीय माध्यमिक विद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में दमखम दिखाया। सब जूनियर वर्ग की दौड़ में मुरादाबाद और गोला फेंक में अमरोहा के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। बालिका वर्ग की 100 और 400 मीटर दौड़ में मुरादाबाद की आरती ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि 200 मीटर दौड़ में बिजनौर की प्रियंका रानी ने बाजी मारी। गोला फेंक में अमरोहा के तरुण चीमा और पलकशी नागर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सब जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में मुरादाबाद की आरती प्रथम, बिजनौर की प्रियंका रानी द्वितीय और संभल की तनु तृतीय स्थान पर रहीं। 200 मीटर दौड़ में बिजनौर की प्रियंका रानी ने स्वर्ण पदक जीता। मुरादाबाद की आरती दूसरे और संभल की तनु तीसरे स्थान पर रहीं। 400 मीटर दौड़ में आरती ने फिर पहला स्थान हासिल किया। संभल की तनु दूसरे और अमरोहा की सांची तीसरे स्थान पर रहीं। सब जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में संभल के जयंत देओल ने पहला, संभल के ही अक्ष धारीवाल ने दूसरा और अमरोहा के राजा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में बिजनौर के रचित कुमार प्रथम, संभल के अमनजीत द्वितीय और बिजनौर के फाइम तृतीय रहे। 400 मीटर दौड़ में संभल के अमनजीत ने पहला, जयंत देओल ने दूसरा और बिजनौर के शिव कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। गोला फेंक की सब जूनियर बालक स्पर्धा में अमरोहा के तरुण चीमा प्रथम और पंकज गोला द्वितीय रहे, जबकि बिजनौर के हुजैफा अंसारी तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में अमरोहा की पलकशी नागर ने पहला स्थान प्राप्त किया। रामपुर की दिव्या दूसरे और अमरोहा की गगनदीप कौर तीसरे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता में मुरादाबाद मंडल के अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल और बिजनौर के खिलाड़ियों ने भाग लिया। खेल संयोजक एवं राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. निशांत कुमार यादव और सहसंयोजक विकास कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान जिला क्रीड़ा सचिव विजय सिंह, जिला क्रीड़ा प्रभारी सुरेंद्र सिंह मौजूद रहे। मंच संचालन संजीव कुमार ने किया।