अमरोहा। आपकी मेहनत की कमाई को कब और कैसे ठग लिया जाएगा कुछ पता नहीं। धोखाधड़ी का एक ऐसा ही मामला सामने आया है। किसान ने जमीन बेचकर जुटाए 1.14 लाख रुपये ठगों ने एटीएम कार्ड बदलकर निकाल लिए। अलग-अलग जगहों से एटीएम से धनराशि निकली गई। पीड़ित को जब इसकी जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के निजामपुर सेंधरी गांव में किसान उमेश गौतम का परिवार रहता है। वह खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। उनका खाता स्टेट बैंक की शाखा में है। आरोप है कि 6 सितंबर को उमेश गौतम कैलसा बॉर्डर के स्टेट बैंक के एटीएम पर रुपये निकालने गए थे। यहां उन्होंने एटीएम से 500 रुपये निकले। तभी एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और झांसे में लेकर उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद उमेश गौतम अपने घर आ गए। 8 सितंबर को उमेश गौतम दोबारा रुपये निकालने पहुंचे तो उन्हें धोखाधड़ी का पता चला। उनके खाते से रुपये गायब थे। तुरंत उमेश गौतम बैंक पहुंचे और खाते का स्टेटमेंट निकलवाया। इस दौरान पता चला कि किसी ने अलग-अलग एटीएम मशीन से 1.14 लाख रुपये निकाल लिए हैं। इसके बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उमेश गौतम के मुताबिक धोखाधड़ी करके निकल गई धनराशि उन्होंने अपनी जमीन बेचकर जुटाई थी। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।