गजरौला (अमरोहा)। औद्योगिक चौकी क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की सुबह चारा लेकर घर आ रहीं दो सगी बहनों से बाइक सवार युवकों ने छेड़खानी करते हुए उनकी बाइक गिरा दी। शोर सुनकर पहुंचे युवतियों के चाचा के साथ मारपीट की। साथ ही फायरिंग कर दहशत फैला दी। एकत्र भीड़ ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उनके साथी भाग गए।
शनिवार की सुबह दो सगी बहनें बाइक से चारा लेकर घर आ रही थीं। उनके चाचा भी खेत पर गए थे। आरोप है कि रास्ते में एक पेट्रोल पंप के सामने पहुंचने पर मोेहम्मदपुर गांव निवासी दो युवक बाइक से आए और छेड़खानी करते हुए पैर मारकर उनकी बाइक गिरा दी। दोनों बहनों ने विरोेध किया तो अभद्रता करने लगे। दोनों बहनों के शोर मचाने पर पास ही खेत में काम कर चाचा मौके पर पहुंचे और विरोध करते हुए एक आरोपी को थप्पड़ मार दिया। इस पर आरोपी युवकों ने उनकी पिटाई कर दी। दोनों बहनों के शोर मचाने पर गांव के अन्य लोग मौके की ओर दौड़े तो आरोपी भाग गए।
आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी फिर से आ धमके और दहशत फैैलाने के लिए तमंचे से दो राउंड फायरिंग की। इस बीच तीन बाइकों पर सवार उनके कई अन्य साथी भी आ गए। इस पर घटनास्थल पर एकत्र लोगों ने साहस दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से भाग गए। दिनदहाड़े छेड़खानी और फायरिंग की सूचना पर इंस्पेक्टर मनोज कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। साथ ही पुलिस आरोपी युवक को थाने ले आई। सीओ अंजलि कटारिया का कहना है कि तहरीर मिल गई है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।