अमरोहा। जिले के विकास कार्यों को नई गति देने के लिए शासन ने विधायक निधि की पहली किस्त जारी कर दी है। जनपद के चारों विधायकों और एक एमएलसी को ढाई करोड़ की धनराशि अवमुक्त की गई है। इस धनराशि से सड़कों का निर्माण, इंटरलॉकिंग, नाले-नालियों सहित अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे।
विधायकों को एक साल में विकास कार्यों के लिए पांच करोड़ की धनराशि मिलती है। जिसमें यह अपने विधान सभा क्षेत्र में विकास कार्य कराते हैं। कार्य कराने से पहले इनके प्रस्ताव डीआरडीए विभाग के पास आते हैं। वहां से कार्यों का सर्वे कराया जाता है और उसके अनुसार कार्य कराए जाते हैं। जिले में विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, राजीव तरारा, समरपाल सिंह, महबूब अली और विधान परिषद डॉ. हरि सिंह ढिल्लो हैं। इन सबके के लिए शासन से ढाई-ढाई करोड़ रुपये की राशि अवमुक्त की गई है। यह पहली किस्त है। हालांकि एमएलसी अमरोहा जनपद से बाहर अपने क्षेत्र के हिस्सों में भी काम करा सकते हैं। इसमें सड़क निर्माण से लेकर लाइट लगवाने का भी प्रावधान है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों के प्रस्ताव देंगे, जिनके आधार पर कार्य योजनाएं तैयार कर अमल में लाई जाएंगी। विधायक निधि के तहत प्रत्येक जनप्रतिनिधि को सालाना पांच करोड़ रुपये मिलते हैं, जिसकी यह पहली किस्त है। इससे जिले के विकास को और पंख लगेंगे। संवाद