मंडी धनौरा। रामगंगा पोषक नहर किनारे लगे पेड़ों में शरारती तत्वों ने शनिवार की रात आग लगा दी। आग की लपटें दिखाई देने पर ग्रामीणों ने पुलिस व वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शनिवार की रात करीब नौ बजे ग्राम मोहम्मदपुर लोहर्रा के निकट रामगंगा पोषक नहर किनारे खड़े पेड़ों में आग लग गई। आग की लपटें दिखाई देने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस व वन विभाग को दी। सूचना मिलने पर पुलिस व दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। वहां सूखे पत्तों व पेड़ों से लपटें उठ रही थीं। दमकल की गाड़ी ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। माना जा रहा है कि किसी शरारती तत्व ने जानबूझ कर आग लगाई थी। प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह ने बताया कि नहर किनारे खड़े पेड़ों से टूट कर गिरे सूखे पत्तों में आग लगी थी। पेड़ों को नुकसान नहीं हुआ है। इस संबंध में वन विभाग से शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।