गजरौला (अमरोहा)। अपने साथियों के साथ बाइक पर तिगरी जा रहे युवक को हाईवे किनारे बाइक पर आए तीन युवकों ने रोक कर उसकी पिटाई कर दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने फायरिंग भी की। घायल ने साढ़ू पर शक जताते हुए उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सोमवार की दोपहर लगभग दो बजे अपने दो साथियों कौशिंदर और राजीव के साथ थाने पहुंचे संजय पुत्र हरपाल निवासी गांव रजोहा कोतवाली हसनपुर ने इंस्पेक्टर आरपी शर्मा को बताया कि वे तिगरी जा रहे थे। हाईवे पर अटारीमुरीदपुर मार्ग पर बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी बाइक रुकवा ली। इसके बाद तीनों ने उसको पीटा और फायरिंग भी की। इसके बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि लगभग साढ़े तीन वर्ष पूर्व उसकी शादी गांव सैंदवार कोतवाली चांदपुर जिला बिजनौर से हुई थी। उसने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसका साढू कैलाश निवासी गांव ककरारा कोतवाली चांदपुर जिला बिजनौर उसकी पत्नी पर बुरी नीयत रखता है और फोन पर उसे परेशान करता है। इसे लेकर पूर्व में कई बार विवाद और मारपीट भी हो चुकी है। पीड़ित का आरोप है कि उसके साढ़ू ने उस पर हमला करवाया था। घायल ने साढू को नामजद करते हुए तहरीर भी दी। इंस्पेक्टर ने हलका इंचार्ज एसआई देवेंद्र सिंह को घटनास्थल का निरीक्षण करने भेजा। वहां से लौटकर आए दरोगा ने घटना होने की पुष्टि की। इसके बाद तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।