ऑडिट में क्षेत्र पंचायत गजरौला में हुए विकास कार्यों में कई तरह की गड़बड़ियां सामने आई हैं। साल 2021-22 के इस ऑडिट में विधायक निधि से मोहम्मद असलम ठेकेदार को किए गए 119923 रुपये के भुगतान का कोई विवरण नहीं दिखाया गया। झनकपुरी में विपिन के मकान से सरकारी ट्यूबवेल तक सीसी रोड के निर्माण पर 245100 रुपये की एमबी बनाई गई, जबकि 242286 रुपये का भुगतान किया गया। 5900 रुपये का भुगतान बोर्ड लगाने का दिखाया गया। इसका कोई फोटो पत्रावली में नहीं दिखाया गया। इसी जगह पर 88449 रुपये नाली निर्माण पर भी खर्च किए गए, जबकि 5900 रुपये के बोर्ड का फोटो पत्रावली में नहीं लगाया गया। इसके अलावा सलारपुर में कमल के मकान से अमित के मकान तक भी 5900 रुपये के बोर्ड लगाना दर्शाया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि एक ही बोर्ड लगाकर उसका बार-बार भुगतान कराया गया हो।
इसके अलावा 15वें वित्त से मनोहर के मकान से ओमपाल के घेर तक 100 मीटर सीसी व नाला निर्माण में 2.83 लाख रुपये का अंतर पाया गया है। सीडीओ अश्वनी कुमार ने बताया कि ऑडिट आपत्ति के तहत लगाई गई आपत्तियों को दूर करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।