जोया (अमरोहा)। दीवार फांद कर घर में घुसे चोरों ने डेढ़ लाख रुपये नकद, सोना-चांदी के जेवर और मेंथा तेल समेत लगभग सात लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। सात महीने के बाद इस मामले में सीओ सदर के आदेश पर दो लोगों को नामजद करते हुए चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
यह घटना डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गंगदासपुर गांव की है। यहां पर किसान मेहरोज अली का परिवार रहता है। आरोप के मुताबिक 16 जून 2020 की रात वह अपने परिजनों के साथ घर के आंगन में सो रहे थे। तभी दीवार फांद कर चोर उनके घर में घुस आए थे। यहां से चोरों ने डेढ़ लाख रुपये नकदी, 70 लीटर मेंथा ऑयल और आठ तोला सोना-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। आहट होने पर पत्नी गुलेरुखसार की आंख खुल गई। इस दौरान उसने चोरों को देख लिया था लेकिन घर में चोरी की दहशत के चलते वह बेहोश हो गई थी। अगले दिन सुबह को होश में आने पर उसने दो चोरों को पहचानने की बात कही थी। किसान ने चोरी हुए सामान की कीमत करीब सात लाख रुपये बताते हुए कोतवाली में तहरीर दी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लिहाजा पीड़ित ने सीओ सिटी विजय कुमार राना को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई कराने की मांग की। इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर गांव के ही आफताब, तौफीक और दो अज्ञात लोगों समेत चार के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।